Pages

Showing posts with label chocolate hills. Show all posts
Showing posts with label chocolate hills. Show all posts

Friday, July 19, 2013

रोमांच के लिए फिलीपींस



Chocolate Hills of Phillipines
दक्षिण-पूर्व एशिया के जिन देशों के बारे में हम सबसे कम जानते हैं, उनमें फिलीपींस भी है। हमें इस बात का अंदाजा कम ही होगा कि फिलीपींस इस इलाके में सबसे खूबसूरत देशों में से है

शानदार भौगोलिक विविधता वाले फिलीपींस के पास एशिया में सबसे लंबी कोस्टलाइन यानी समुद्र तट है। फिलीपींस की सबसे खूबसूरत बीच लोकेशंस में बोराके द्वीप, पलावान और कैमिग्यूइन द्वीप शामिल हैं। खास तौर पर बोराके तो शानदार सफेद पाउडर जैसी रेत और चांदी से चमकते साफ गरम पानी के लिए प्रसिद्ध है। लोग यहां कई दिनों तक सुकून में पसरे रह सकते हैं। फिलीपींस में कई चीजों का मजा लिया जा सकता है। जैसे:

लोबोक रिवर क्रूज जो मोटरबोट में लोबोक नदी के उद्गम लोआए पुल से शुरू होता है और ताड़ के पेड़ों से घिरी पानी की धारा से होते हुए टोनटोनान वाटरफॉल्स के पास जाकर खत्म होता है। यहां कई सारे झरने पानी में गिरते हैं। आप उनमें भीगने का मजा भी ले सकते हैं। लेकिन क्रूज पर नाव में स्थानीय लोगों द्वारा जो दावत दी जाती है, वह यादगार है।

फिलीपींस के बोहोल प्रांत में चॉकलेट हिल्स (पहाड़ियां) यहां के सबसे लोकप्रिय व जाने-माने सैलानी स्थलों में से एक हैं। चॉकलेट हिल्स दरअसल 1268 एक सरीखी गुमटीनुमा पहाड़ियों का एक समूह है। सारी पहाड़ियां लगभग तीस मीटर ऊंची हैं। अगल-बगल में लगभग बराबर दूरी पर फैली ये चट्टान कृतियां दरअसल पृथ्वी के लाखों सालों के विकासक्रम का नतीजा हैं।

रोमांच प्रेमियों के लिए फिलीपींस में बहुत कुछ है। जैसे कि डाइविंग। अनीलाओ, प्यूर्तो गैलेरा और बोराके लोकप्रिय डाइविंग स्थलोंमें गिने जाते हैं। इसके अलावा पलावान में तुब्बाताहा रीफ और कोरोन में भी खूबसूरत डाइविंग स्पॉट हैं। इसके अलावा फिलीपींस में माउंटेनियरिंग, कैनोपी वॉकिंग, केविंग, राफ्टिंग व सर्फिंग का भी मजा लिया जा सकता है। ज्यादा दुस्साहस करना हो तो डनाओ एडवेंचर पार्कलैंड में दो सी मीटर की ऊंचाई से छलांग लगाकर तीन सौ मीटर चौड़ी खाई में झूलने का मजा भी यहां लिया जा सकता है। इसी तरह प्यूर्तो प्रिंसेसा में अंडरग्राउंड नदी की खोज में निकल सकते हैं।

फिलीपींस में शॉपिंग भी अन्य कई दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों की तुलना में सस्ती है। मजेदार बात यह है कि फिलीपींस में भी आप छोटी दुकानों पर भारत की ही तरह बोली गई कीमत के 50 फीसदी तक मोलभाव कर सकते हैं। क्वीजोन सिटी में एसएम सिटी नॉर्थ ईडीएसए शॉपिंग मॉल, बे सिटी में एसएम मॉल ऑफ एशिया, सान जुआन सिटी में ग्रीनहिल्स शॉपिंग सेंटर और मकाती सिटी में अयाला सेंटर शॉपिंग के प्रमुख अड्डों में से हैं।