Pages

Showing posts with label Santorini. Show all posts
Showing posts with label Santorini. Show all posts

Sunday, November 25, 2012

नजरों से दूर एक द्वीपः सैंटोरिनी


प्रकृति ने हमारी धरती पर कई करिश्मे किए हैं। यूरोप में ग्रीस यानी यूनान का सैंटोरिनी द्वीप भी ऐसे की कुछ करिश्मों में से एक है। एक ऐसा द्वीप जो साढ़े तीन हजार साल से भी ज्यादा समय पहले एक भीषण ज्वालामुखीय विस्फोट से पैदा हुआ। लेकिन इसे आप आज देखेंगे तो इसकी खूबसूरती से प्यार कर बैठेंगे। ऐसी बेमिसाल जगह पर अपना हनीमून मनाएं तो क्या बात है...

Blue toned Santorini
जिस ज्वालामुखीय विस्फोट से सैंटोरिनी द्वीप बना, वह धरती के दर्ज इतिहास के सबसे भीषण विस्फोटों में से एक था। इसने दक्षिणी एजियन समुद्र में थिरा द्वीप को समुद्र में कई टुकड़ों में बिखेर दिया और अक्रोटिरी में मिनोअन सभ्यता की समूची बसावट को भी मटियामेट कर दिया। उसके बाद जमीन के इस टुकड़े पर जीवन मानो फिर से शुरू हुआ। आज विस्फोट के बाद बनी चट्टानों, खाइयों, लैगून व समुद्र तटों का यह द्वीप अपनी बिरली बनावट, साज-सज्जा और रिहाइश के लिए दुनियाभर में लोकप्रिय है। यहां की सफेद इमारतें और उनकी नीली छतें, मत्थे अपनी खास पहचान हैं। डूबते सूरज की लालिमा में सैंटोरिनी के ओइआ शहर को देखने के लिए दुनियाभर से सैलानी जुटते हैं। द्वीप को सैंटोरिनी नाम 13वीं सदी में लैटिन साम्राज्य ने दिया जिसका संदर्भ पेरिसा गांव में एक पुराने कैथेड्रल से मिले सेंट इरिन के नाम से है।
थिरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही आप ओइआ के लिए एक टैक्सी लें। यहां पहुंचने में करीब 20 मिनट लगेंगे। यह राजधानी से उत्तर की ओर बढऩे पर करीब 10 किमी बाद आता है। यह गांव पूरे ग्रीस में सबसे महंगा है, लेकिन यह अपनी सारी पहचान बचाकर रखने में भी कामयाब है। गांव की अधिकतर सफेद चर्च पर नीले डोम्स बने हैं। घरों से जुड़ी अधिकतर सीढिय़ां और टैरेस खड़ी चट्टानों पर बने हैं। टैरेस से समुद्र का खूबसूरत नजारा, ज्वालामूखी के अवशेष और पूरा पश्चिमी किनारा दिखता है। शाम और सुबह की खूबसूरती देखने लायक होती है। आप बैठकर इसे निहारने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
ओइआ से कार से आप 30 मिनट में पिरगोस पहुंच सकते हैं। यह सैंटोरिनी में संरक्षित मध्यकालीन गांव है। यहां पर गधों पर लदे टमाटर, फावा बींस, शहद और शराब बिकते हुए देखना आनंदायक लगता है। गांव की सफेद छतों से नजारा देखना शानदार है। पिरगोस से करीब 4 किमी दक्षिणपूर्व में प्रोफिटस लियास मोंटेसरी है, जिसकी स्थापना 1711 में द्वीप के सबसे उपरी हिस्से (566 मीटर यानी 1857 फीट) पर की गई थी। अपने गार्डेन, लाइब्रेरी और धार्मिक कला संग्रहालय के लिए प्रसिद्ध यह मांटेसरी सप्ताह में कुछ ही घंटे के लिए लोगों के लिए खुलती है। (बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को शाम 4 से 5.30 बजे तक, शनिवार को सुबह 6 से 8.30 बजे तक, रविवार को सुबह 4.30 से 8.30 बजे तक।)
Black Beach
सैंटोरिनी के दक्षिणी तट में काले रेत वाला पेरिवोलोस बीच है जो युवाओं का पसंदीदा स्थल है। इस खूबसूरत बीच पर आप ताजी मछलियों का लुत्फ उठा सकते हैं। जब आप पेरिवोलोस बीच से बाहर निकलते हैं तो एक दूसरे मध्ययुगीन गांव एम्बोरियो का भ्रमण करना न भूलें। यह आधा वीरान पड़ा गांव एक रूसी गुडिय़ा सरीखा है- गुडिय़ा के भीतर एक और गुडिय़ा यानी एक गांव के परकोटे में एक और गांव और फिर परकोटा और फिर गांव। इन दीवारों के पार इस गांव में आप केवल पैदल पहुंच सकते हैं।
सैंटोरिनी के दक्षिणी तट पर स्थित अक्रोटिरी का मिनान शहर 1530 ईसा पूर्व में फटे ज्वालामुखी की राख से तबाह हो गया था। यह जानना काफी रोचक है कि 1967 में ग्रीक पुरातत्ववेता द्वारा इसको खोजे जाने तक यह शहर प्यूमिक स्टोन की एक अभेद पतली परत से ढका हुआ था। इसकी गलियों, दोमंजिले घरों और बड़े मर्तबानों की प्रशंसा की जाती है।

.............................
Cave Pool
अच्छे ट्रिप की तैयारी
कैसे: सैनटोरिनो पहुंचने के लिए सबसे सुगम मार्ग है ग्रीस की राजधानी एथेंस से विमान की सवारी। सफर 50 मिनट की उड़ान का है और उड़ान रोजाना है।
कहां रुकें: ओइया में क्रिस्टा ब्राजिओलिस में किराये पर कमरा करीब 72 यूरो में मिल सकता है।

इटिंग आउट: यहां की टिपिकल वाइन हो या फिर व्यंजन- सैंटोरिनी बहुत ही लाजवाब है। यहां की जमीन दुनिया में अनूठी है। ज्वालामुखीय शुष्क इलाका होने के कारण यहां बहुत ही कम पैदावार है लेकिन जितनी भी है, सब विलक्षण है।
जॉर्ज हत्जिआन्नाकिस का सेलेन रेस्तरां, फिरा। बगैर वाइन के डिनर: 40-60 यूरो में।
जानेमाने शेफ जार्ज हत्जिआन्नाकिस का खूबसूरत रेस्तरां सेलेन (चंद्रमा की देवी) फिरा में पहाड़ी पर किनारे की तरफ बना है। अपने द्वीप की ही पैदावार का इस्तेमाल करके उन्होंने काफी खास किस्म के व्यंजन तैयार किए हैं। चाहे वह मिनिएचर स्वीट टैमेटो हो या फिर फावा बीन या सफेद बैंगन, चने जैसे कैपर्स (जिसकी पत्तियों का सलाद बहुत अच्छा बनता है) या बाजरा। इनके अलावा उस रोज पकड़ी गई मछलियों व अन्य सीफूड तो है ही। साथ ही आप यहां बीन प्यूरी के साथ आर्टिचोक (हाथी चक) में परोसे गए समुद्री अर्चिन के अंडों का स्वाद चखना न भूलें। और यह सब तो केवल बानगी है। ग्रीक में जार्ज हत्जिआन्नाकिस को मास्टर शेफ माना जाता है।
स्कारामगास टेवेरना, मोनोलिथोस।
लेकिन यदि आपका मन सिर्फ ताजी ग्रिल्ड मछली खाने का करता है आप पूर्वी तट पर मोनोलिथोस में स्कारामगास टेवेरना जा सकते हैं। इस टेवेरना (ग्र्रीक कुजिन परोसने वाला एक छोटा रेस्तरां) को मछुआरों का एक परिवार चलाता है, जो दिन में दो बार समुद्र में जाता है। यदि आपको मछली खाने के अलावा कुछ अच्छे फोटो भी लेने हों  तो मछुआरों का बॉस हलारिस वैगेलिस आपको अपनी नाव पर साथ लेकर जा सकता है।