Pages

Showing posts with label Canary Islands. Show all posts
Showing posts with label Canary Islands. Show all posts

Sunday, September 30, 2012

समुद्र किनारे रेगिस्तान


दुनिया के टूरिस्ट हॉटस्पॉट में से एक मासपलोमास संयुक्त राष्ट्र के विश्व पर्यटन संगठन द्वारा हर साल मनाए जाने वाले विश्व पर्यटन दिवस के इस साल के मुख्य आयोजनों का मेजबान था। विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर को मनाया जाता है। इस साल विश्व पर्यटन संगठन को भी स्थापित हुए 50 साल हो गए हैं।
मासपलोमास स्पेन में केनेरी आईलैंड के दक्षिणी सिरे पर स्थित है। एटलांटिक महासागर से घिरा यह इलाका अपनी अद्भुत भौगोलिक संरचना के कारण बहुत जाना जाता है। मासपलोमास का दक्षिण-पूर्वी सिरा बारह किलोमीटर लंबे व एक से दो किलोमीटर चौड़े रेगिस्तान से पटा है। समुद्र के नीले पानी तक पहुंचने से पहले इन रेतीले टीलों को पार करते हुए ऐसा प्रतीत होता है मानो आप सहारा या थार के रेगिस्तान से गुजर रहे हों।
मासपलोमास खालिस रूप से एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। इसलिए यहां का सारा विकास उसी अनुरूप है। पाम स्प्रिंग्स कैलिफोर्निया या पाम बीच फ्लोरिडा की तर्ज पर यह अपने आपमें एक समूचा टूरिस्ट टाउनशिप है। सैलानियों के लिए यहां शॉपिंग व कनवेंशन सेंटर और एम्यूजमेंट पार्क बन गए हैं। यहां अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिक हैं। देशी-विदेशी स्कूल हैं (इंग्लिश, स्पेनिश व स्वीडिश)। कैसिनो हैं, गोल्फ कोर्स है, स्पोट्र्स सेंटर, थीम पार्क व समर यूनिवर्सिटी भी है। यहां सैलानियों के लिए तीन, चार व पांच सितारा होटल, लग्जरी होटल, बुटिक होटल, बीच रिजॉर्ट, बंगले व अपार्टमेंट भी हैं। दरअसल यहां का समूचा विकास आर्किटेक्ट्स के बीच एक इंटरनेशनल आइडिया कंटेस्ट के तौर पर 1961 में शुरू हुआ था। इसी ने खास तौर पर सैलानियों के लिए शहरीकरण की परंपरा की नींव रखी।
नेचुरल रिजर्व ऑफ द ड्यूंस ऑफ मासपलोमास यानी इन रेतीले टीलों में स्पेन के ग्रेन केनेरिया का एकमात्र आधिकारिक न्यूडिस्ट इलाका है। ये रेतीले टीले 1897 से ही नेचुरल रिजर्व घोषित हैं। यहीं 1889 में स्थापित 68 मीटर ऊंचा एक लाइटहाउस भी है। लाइटहाउस के साथ ही समुद्री पक्षियों का एक सुरक्षित इलाका भी है। दरअसल इसी लाइटहाउस से रेतीले टीलों की शुरुआत होती है। यह जगह उत्तरी यूरोप से लोगों के लिए सर्दियों का एक पसंदीदा पर्यटन स्थल है।