Pages

Sunday, September 30, 2012

जीतेजी बस एक बार


देखकर यकीन नहीं होता कि क्या ऐसी खूबसूरत जगहें भी हैं! एक झलक उनकी जहां आप जीतेजी बस एक बार जरूर जाना चाहें

Plitvice Lake National Park, Croatia
प्लिटवाइस लेक नेशनल पार्क
क्रोएशिया का यह सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। 1979 में इसे यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया था। अकल्पनीय रूप से खूबसूरत। इस नेशनल पार्क में 16 झीलें हैं जो झरनों व प्रपातों की कतारों से एक-दूसरे से जुड़ी हैं। यह इलाका ऐसे जंगल में है जिसमें हिरण, भालू व भेडि़ये और दुर्लभ पक्षी मौजूद हैं। पार्क का समूचा इलाका 300 वर्ग किलोमीटर का है और ये 16 झीलें आठ किलोमीटर की दूरी में फैली हैं। इन झीलों में सबसे ऊंची समुद्र तल से 1280 मीटर की ऊंचाई पर है और सबसे निचली 380 किलोमीटर पर। इन्हें जोड़ने वाले झरनों में सबसे ऊंचा 70 मीटर है। इस पार्क की सैर एक अविस्मरणीय अनुभव है।

Pura Tanah Lot, Bali
पुरा तनाह लोत, बाली
यह इंडोनेशिया में बाली के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मंदिरों में से एक है। दक्षिण-पश्चिमी तट से थोड़ी दूर एक विशाल चïट्टान पर बना मंदिर ही तो है लेकिन सूर्यास्त के समय इस मंदिर की जो आभा होती है, उसे सैलानी अभूतपूर्व कहते हैं। भूवैज्ञानी कहते हैं कि हजारों सालों में समुद्री पानी के ज्वार में क्षरण होने से यह द्वीप बना। इस चïट्टान पर यह मंदिर 15वीं या 16वीं सदी में बना। यह मंदिर समुद्र के देवताओं को समर्पित है। बाली के तट पर बने सात मंदिरों में यह एक है। एक श्रृंखला की कड़ी के रूप में हर मंदिर से दूसरा मंदिर दिखता है। मंदिर हिंदू मिथकों से काफी प्रभावित है। सैलानियों में लोकप्रिय।

Tunnel of Life, Ukraine
उक्रैन की टनल ऑफ लव
कुदरत के अजीबोगरीब करिश्मे हमने देखे होंगे, लेकिन उक्रैन में प्रकृति की यह रचना उनमें सबसे खूबसूरत व रोमांटिक में से एक होगी। यह दरअसल क्लेवेन शहर के नजदीक एक फाइबरबोर्ड फैक्टरी के लिए बनी निजी रेलवे लाइन का तीन किलोमीटर लंबा वो हिस्सा है जिसपर पटरी के दोनों ओर खड़े पेड़ों और उनपर लदी लताओं ने सालों में एक सुरंग का आकार ले लिया है। पेड़ों की इस सुरंग में से दिन में तीन बार ट्रेन फैक्टरी के लिए लकडि़यां लेकर गुजरती है। इसकी खूबसूरती इतनी रूमानियत भरी है कि इसे टनल ऑफ लव कहा जाता है और अब तो यह माने जाने लगा है कि जो प्रेमी यहां आकर सच्चे दिल से मुरादें मांगते हैं, उनकी मुराद जरूर पूरी होती है।

Wisteria Tunnel, Kawachi Fuji Garden, Kitakyushu, Japan
एक टनल फूलों की
यह भी उक्रैन की टनल ऑफ लव की ही तरह प्रकृति का ऐसा शानदार नजारा है कि इसके फोटो देखकर लोग अक्सर इसे कोई पेंटिंग मानने की भूल कर बैठते हैं। विस्टेरिया के फूलों की यह टनल जापान में किताक्यूशू शहर में स्थित कवाची फूजी गार्डंस में है। विस्टेरिया रंग-बिरंगे (सफेद, गुलाबी, पीले, बैंगनी, लाल) फूल देने वाली एक लता है जो जापान व चीन में भरपूर होती है। जापान में विस्टेरिया को फूजी भी कहते हैं। कवाची के ये गार्डन टोक्यो से सिर्फ चार घंटे के सफर पर हैं। कई सालों में जाकर इन फूलों ने इस सुरंग का आकार लिया।

समुद्र किनारे रेगिस्तान


दुनिया के टूरिस्ट हॉटस्पॉट में से एक मासपलोमास संयुक्त राष्ट्र के विश्व पर्यटन संगठन द्वारा हर साल मनाए जाने वाले विश्व पर्यटन दिवस के इस साल के मुख्य आयोजनों का मेजबान था। विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर को मनाया जाता है। इस साल विश्व पर्यटन संगठन को भी स्थापित हुए 50 साल हो गए हैं।
मासपलोमास स्पेन में केनेरी आईलैंड के दक्षिणी सिरे पर स्थित है। एटलांटिक महासागर से घिरा यह इलाका अपनी अद्भुत भौगोलिक संरचना के कारण बहुत जाना जाता है। मासपलोमास का दक्षिण-पूर्वी सिरा बारह किलोमीटर लंबे व एक से दो किलोमीटर चौड़े रेगिस्तान से पटा है। समुद्र के नीले पानी तक पहुंचने से पहले इन रेतीले टीलों को पार करते हुए ऐसा प्रतीत होता है मानो आप सहारा या थार के रेगिस्तान से गुजर रहे हों।
मासपलोमास खालिस रूप से एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। इसलिए यहां का सारा विकास उसी अनुरूप है। पाम स्प्रिंग्स कैलिफोर्निया या पाम बीच फ्लोरिडा की तर्ज पर यह अपने आपमें एक समूचा टूरिस्ट टाउनशिप है। सैलानियों के लिए यहां शॉपिंग व कनवेंशन सेंटर और एम्यूजमेंट पार्क बन गए हैं। यहां अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिक हैं। देशी-विदेशी स्कूल हैं (इंग्लिश, स्पेनिश व स्वीडिश)। कैसिनो हैं, गोल्फ कोर्स है, स्पोट्र्स सेंटर, थीम पार्क व समर यूनिवर्सिटी भी है। यहां सैलानियों के लिए तीन, चार व पांच सितारा होटल, लग्जरी होटल, बुटिक होटल, बीच रिजॉर्ट, बंगले व अपार्टमेंट भी हैं। दरअसल यहां का समूचा विकास आर्किटेक्ट्स के बीच एक इंटरनेशनल आइडिया कंटेस्ट के तौर पर 1961 में शुरू हुआ था। इसी ने खास तौर पर सैलानियों के लिए शहरीकरण की परंपरा की नींव रखी।
नेचुरल रिजर्व ऑफ द ड्यूंस ऑफ मासपलोमास यानी इन रेतीले टीलों में स्पेन के ग्रेन केनेरिया का एकमात्र आधिकारिक न्यूडिस्ट इलाका है। ये रेतीले टीले 1897 से ही नेचुरल रिजर्व घोषित हैं। यहीं 1889 में स्थापित 68 मीटर ऊंचा एक लाइटहाउस भी है। लाइटहाउस के साथ ही समुद्री पक्षियों का एक सुरक्षित इलाका भी है। दरअसल इसी लाइटहाउस से रेतीले टीलों की शुरुआत होती है। यह जगह उत्तरी यूरोप से लोगों के लिए सर्दियों का एक पसंदीदा पर्यटन स्थल है।